*किरंदुल के विकास को लेकर नगर पालिका अध्यक्ष ने एनएमडीसी सीएमडी अमिताव मुखर्जी से की चर्चा

 *किरंदुल के विकास को लेकर नगर पालिका अध्यक्ष ने एनएमडीसी सीएमडी अमिताव मुखर्जी से की चर्चा 


किरंदुल। आज दिनांक 22 अप्रैल 2026 को नगर पालिका अध्यक्ष रूबी शैलेन्द्र सिंह, उपाध्यक्ष बबलू सिद्दकी एवं पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष, शैलेन्द्र सिंह ने नगर की बढ़ती समस्याओं और जनसुविधाओं को लेकर एनएमडीसी (NMDC) के सीएमडी अमिताव मुखर्जी से  विस्तृत चर्चा की एवं  नगर के बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने हेतु कई महत्वपूर्ण मांगें रखी ।


चर्चा में विशेष रूप से उल्लेख किया गया कि किरंदुल नगर में भारी वाहनों (ट्रकों) की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है, जिसके कारण बस स्टैंड से पापाचंद  पेट्रोल पंप तक की सड़क पर अत्यधिक दबाव पड़ रहा है। भारी ट्रकों के लगातार आवागमन से सड़क धीरे-धीरे धंस रही है, जगह-जगह गड्ढे बन रहे हैं, जिससे आम नागरिकों, दोपहिया चालकों एवं राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस स्थिति को देखते हुए उक्त मार्ग पर मजबूत एवं टिकाऊ आर.सी.सी सड़क (कंक्रीट रोड) का निर्माण अत्यंत आवश्यक बताया गया, ताकि लंबे समय तक सड़क सुरक्षित और सुचारू बनी रहे।


इसके साथ ही चर्चा में एक और अहम मुद्दा उठाते हुए कहा गया कि नगर के भीतर से होकर गुजरने वाले ट्रकों की बढ़ती आवाजाही न केवल यातायात व्यवस्था को बाधित कर रही है, बल्कि इससे दुर्घटनाओं की आशंका भी लगातार बनी रहती है। ऐसे में किरंदुल नगर के बाहर से होकर गुजरने वाली एक बाईपास सड़क का निर्माण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुका है। बाईपास सड़क बनने से भारी वाहनों का दबाव शहर के अंदर कम होगा, जिससे सड़कें सुरक्षित रहेंगी, जाम की समस्या घटेगी, प्रदूषण में कमी आएगी और आम नागरिकों को राहत मिलेगी। साथ ही यह कदम नगर के सुनियोजित विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।


इसके अलावा, बस स्टैंड से पापाचंद पेट्रोल पंप तक सुव्यवस्थित स्ट्रीट लाइट व्यवस्था स्थापित करने एवं नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने की भी मांग की गई, ताकि क्षेत्र स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित बन सके।


चर्चा  में यह भी बताया गया कि सी एस ई बी रेल्वे कॉलोनी, वार्ड क्रमांक 18 में पहले संचालित हो रही स्कूल बस सेवा को बंद कर दिया गया है, जिससे छोटे बच्चों को स्कूल आने-जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इस सेवा को पुनः प्रारंभ करने की मांग करते हुए बच्चों की शिक्षा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया। इस दौरान नगर पालिका के उपाध्यक्ष बबलू सिद्दकी, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष शैलेन्द्र सिंह एवं जनप्रतिनिधि गण उपस्थित रहे|

अंत में, एनएमडीसी के  सी एम डी  अमिताव मुखर्जी के द्वारा आश्वासन दिया गया कि जनहित के इन महत्वपूर्ण कार्यों को जल्द से जल्द पूरा किया जाएगा |

Post a Comment

0 Comments