झिरका में अवैध लकड़ी परिवहन का भंडाफोड़, ग्रामीणों की सतर्कता से पकड़ा गया ट्रक, वन विभाग ने शुरू की कार्रवाई

 झिरका में अवैध लकड़ी परिवहन का भंडाफोड़, ग्रामीणों की सतर्कता से पकड़ा गया ट्रक, वन विभाग ने शुरू की कार्रवाई

बचेली :- भांसी थाना क्षेत्र के ग्राम झिरका में अवैध रूप से जामुन और सेमर की लकड़ी परिवहन किए जाने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों की सतर्कता के चलते CG-04-LG-7455 क्रमांक के ट्रक को रोककर इसकी सूचना तत्काल भांसी थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और ट्रक को कब्जे में लेकर वन परिक्षेत्र कार्यालय बचेली के सुपुर्द कर दिया।


वन परिक्षेत्र अधिकारी डॉ. प्रीतेश कुमार पांडे ने बताया कि मामले में अवैध परिवहन के संबंध में कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि ट्रक के सभी दस्तावेजों की जांच की जा रही है। साथ ही यह भी सत्यापित किया जाएगा कि लकड़ी वन भूमि से काटी गई है या राजस्व भूमि से। इसके लिए विभागीय टीम ग्राम झिरका पहुंचकर स्थल का निरीक्षण करेगी तथा संबंधित पट्टाधारी से भी पूछताछ की जाएगी।


ग्रामीणों का कहना है कि लकड़ी जिस स्थान से काटी गई है, वह पट्टाधारी की राजस्व भूमि है। ऐसे मामलों में नियमानुसार पहले एसडीएम से परिवहन की अनुमति लेना अनिवार्य होता है। इसके बाद वन विभाग यह जांच करता है कि संबंधित भूमि वन विभाग की है या राजस्व विभाग की। जांच पूरी होने के बाद ही परिवहन की अनुमति प्रदान की जाती है।


फिलहाल ट्रक को वन विभाग के कब्जे में लेकर दस्तावेजों की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments