CSR कार्यों में स्थानीय युवाओं को मिले प्राथमिकता : करन तामो, मुकेश कर्मा
एनएमडीसी प्रबंधन को ज्ञापन सौंप स्थानीय रोजगार सुनिश्चित करने की मांग
दंतेवाड़ा। एनएमडीसी प्रभावित 12 ग्राम पंचायतों के जनप्रतिनिधियों ने सीएसआर मद से संचालित विकास कार्यों में स्थानीय युवाओं एवं स्थानीय ठेकेदारों को प्राथमिकता दिए जाने की मांग को लेकर एनएमडीसी प्रबंधन को ज्ञापन सौंपा है। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों के युवाओं को रोजगार से वंचित कर बाहरी ठेकेदारों को लाभ पहुंचाना उचित नहीं है।
कमेली सरपंच करन तामो एवं जनप्रतिनिधि मुकेश कर्मा ने संयुक्त रूप से बताया कि एनएमडीसी प्रभावित पंचायतों के सैकड़ों पंजीकृत बेरोजगार युवा रोजगार के अवसरों की प्रतीक्षा कर रहे हैं। इसके बावजूद कई विकास कार्यों में बाहरी ठेकेदारों की भागीदारी बढ़ने से स्थानीय युवाओं के रोजगार के अवसर प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने मांग की कि सीएसआर मद से संचालित सभी विकास कार्यों में स्थानीय युवाओं, श्रमिकों एवं स्थानीय ठेकेदारों को प्राथमिकता दी जाए।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि प्रभावित पंचायतों में होने वाले विकास कार्यों का प्रत्यक्ष लाभ स्थानीय लोगों को मिलना चाहिए। इससे न केवल रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। जनप्रतिनिधियों ने बाहरी ठेकेदारों से भी अपील की है कि वे पंचायत क्षेत्रों में जारी होने वाली निविदाओं में अनावश्यक हस्तक्षेप न करें तथा स्थानीय युवाओं को अवसर देने में सहयोग करें।
करन तामो और मुकेश कर्मा ने कहा कि यदि स्थानीय युवाओं की उपेक्षा कर बाहरी ठेकेदारों को कार्य आवंटित किए जाते हैं, तो प्रभावित पंचायतों के जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण लोकतांत्रिक तरीके से विरोध प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास में स्थानीय भागीदारी सुनिश्चित करना समय की मांग है, जिससे विकास कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और जनसहभागिता भी बढ़ेगी।
उल्लेखनीय है कि यह ज्ञापन एनएमडीसी प्रभावित 12 पंचायतों के जनप्रतिनिधियों के हस्ताक्षर के साथ सौंपा गया है। इससे स्थानीय रोजगार, स्थानीय ठेकेदारों की भागीदारी तथा प्रभावित क्षेत्रों के अधिकारों का मुद्दा एक बार फिर प्रमुखता से सामने आया है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान 12 पंचायत के सरपंच गोविंद कुंजाम, करन तामो, सुनील बास्सा, राजू कुंजाम, रवि तेलाम, विजय कर्मा, सोमारी भास्कर, मंगली बारसे, राजा राम नेताम, सुनील भास्कर, विजय कुंजाम, मीरा भास्कर, मंगल भास्कर, हिमानी तेलाम, विशाल मरकाम, रामधर, बलराम भास्कर एवं दिलीप सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित थे।

0 Comments