बचेली में NMDC प्रबंधन के खिलाफ कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन: सेवानिवृत्त कर्मियों की पुनर्नियुक्ति रोकने और नई भर्ती की मांग को लेकर 10 दिन का अल्टीमेटम
जिला दंतेवाड़ा बचेली:
एनएमडीसी (NMDC) बचेली परियोजना में सेवानिवृत्त (रिटायर्ड) कर्मचारियों की पुनर्नियुक्ति और L-1 व L-2 पदों पर नई भर्ती में कथित देरी के खिलाफ कांग्रेस ने आक्रामक रुख अपना लिया है। सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी और जिला युवा कांग्रेस के नेतृत्व में सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्थानीय हनुमान मंदिर से एक विशाल रैली निकाली, जो नारेबाजी करते हुए NMDC चेकपोस्ट तक पहुंची।
प्रदर्शनकारियों के तेवर को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। चेकपोस्ट पर पहुंचते ही भारी संख्या में CISF और पुलिस बल तैनात कर दिया गया, तथा सुरक्षा के मद्देनजर NMDC का मुख्य गेट बंद करना पड़ा। लगभग एक घंटे तक चले इस प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और स्थानीय युवाओं के अधिकारों की आवाज उठाई।
महाप्रबंधक ने लिया ज्ञापन
हंगामे और प्रदर्शन की सूचना मिलने पर NMDC परियोजना प्रमुख/मुख्य महाप्रबंधक: श्री कोडाली श्रीधर मौके पर पहुंचे और कांग्रेस नेताओं से ज्ञापन स्वीकार किया। कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने दो टूक शब्दों में मांग की कि उपक्रम में सेवानिवृत्त कर्मचारियों को दोबारा काम पर रखना तुरंत बंद किया जाए और बेरोजगार युवाओं के लिए L-1 व L-2 श्रेणियों के पदों पर नई भर्ती प्रक्रिया का रास्ता साफ किया जाए।
10 दिन में मांगें पूरी न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी
प्रदर्शन के दौरान जिला पंचायत सदस्य तुलिका कर्मा, बबलू सिद्दीकी, जिला कांग्रेस अध्यक्ष शकील अहमद रिजवी, सलीम रजा उस्मानी, मनोज साहा, सुनील गाइन और विजय भोगामी सहित प्रमुख नेताओं ने प्रबंधन को 10 दिनों का अल्टीमेटम दिया है। नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि नियमित समय के भीतर नई भर्तियां शुरू नहीं की गईं और पुनर्नियुक्ति की प्रथा पर रोक नहीं लगी, तो कांग्रेस पार्टी इससे भी बड़ा और उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
इस बड़े विरोध प्रदर्शन के बाद अब सबकी निगाहें NMDC प्रबंधन पर टिकी हैं कि क्या आगामी 10 दिनों में नई भर्तियों को लेकर कोई सकारात्मक कदम उठाया जाता है या क्षेत्र में राजनीतिक संघर्ष और तेज होगा।


0 Comments