उमेश सिंह का वादा: 30 दिनों में सुधरेगी ट्रांसपोर्टिंग, बीटीओए सदस्यों की समस्याएं होंगी दूर

 उमेश सिंह का वादा: 30 दिनों में सुधरेगी ट्रांसपोर्टिंग, बीटीओए सदस्यों की समस्याएं होंगी दूर



बैलाडीला ट्रक ओनर एसोसिएशन (बीटीओए) का वार्षिक चुनाव 13 अगस्त को होने वाला है, और जैसे-जैसे मतदान का दिन नजदीक आ रहा है, उम्मीदवारों का प्रचार अभियान चरम पर पहुंच गया है। प्रत्याशी घर-घर जाकर मतदाताओं से समर्थन मांग रहे हैं, क्योंकि अब केवल दो दिन शेष हैं। इस दौरान उम्मीदवार अपनी पूरी ताकत झोंक रहे हैं।

चुनाव में दो प्रमुख पैनल आमने-सामने हैं। एक ओर मनोज सिंह का पैनल है, जिसके समर्थक इस बार जीत को लेकर आश्वस्त हैं तो दूसरी ओर, उमेश सिंह का पैनल है, जो अपने उम्मीदवारों और मतदाताओं पर पूरा भरोसा जता रहा है। उमेश सिंह ने कहा कि बीटीओए के मतदाता उन्हें पूर्ण समर्थन देंगे और उनके चुनाव चिह्न 'हाथी' की सवारी करेंगे।

उमेश सिंह ने स्पष्ट किया कि उनका राजनीति उनका पेशा नहीं है। वे बीटीओए सदस्यों की समस्याओं को देखकर चुनावी मैदान में उतरे हैं। उनका लक्ष्य सदस्यों की परेशानियों को दूर करना है, ताकि उनकी गाड़ियां सुचारू रूप से चल सकें और किस्त भुगतान में कोई दिक्कत न हो। उन्होंने कहा कि अक्सर समय पर भाड़ा न मिलने, ट्रांसपोर्टिंग में देरी और चेक क्लियर होने में लगने वाले समय के कारण सदस्यों को परेशानी होती है, जिससे गाड़ियां खींचने की नौबत आ जाती है।

उमेश सिंह ने वर्तमान कमेटी पर 'रिमोट कंट्रोल' से चलने का आरोप लगाया, हालांकि उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि इसके पीछे कौन है। उन्होंने बीटीओए को अपना परिवार बताते हुए कहा कि सदस्यों की परेशानी उनकी अपनी परेशानी है। उन्होंने मतदाताओं से 'हाथी' के पक्ष में मतदान करने की अपील की।

उमेश सिंह ने वादा किया कि जीतने पर 30 दिनों के भीतर बचेली और किरंदुल में ट्रांसपोर्टिंग की व्यवस्था सुधारी जाएगी। सभी वाहनों का संचालन सुचारू होगा, ट्रांसपोर्टिंग के लिए स्थान उपलब्ध कराया जाएगा, और चालकों के लिए शौचालय की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा, चेकिंग के दौरान समय समन्वय स्थापित कर देरी कम की जाएगी और किसी भी समस्या का तुरंत समाधान किया जाएगा।

Post a Comment

0 Comments