*🌺महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर श्री राघव मंदिर परिसर में भव्य नवनिर्मित श्रीशिव मंदिर में वैदिक विधि से सपरिवार विराजेंगे भगवान महादेव🌺*
किरंदुल। लौहनगरी किरंदुल के हृदय स्थल पर स्थित आस्था श्रद्धा के प्रमुख केंद्र श्री राघव मंदिर, बैलाडीला देवस्थान में विक्रम संवत 2082, फाल्गुन कृष्ण त्रयोदशी, दिनांक 15 फरवरी को शुभ मुहूर्त में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर भगवान श्री लिंगेश्वर महादेव, नंदी महाराज सहित समस्त शिव परिवार के पवित्र विग्रहों की वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ प्राण-प्रतिष्ठा की जाएगी।
इस मंगल अवसर पर दिनांक 12 से 16 फरवरी तक श्री राघव मंदिर परिसर में विविध धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाएगा। वहीं 15 फरवरी को समस्त देव विग्रहों का भव्य प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव श्रद्धा एवं उल्लास के साथ संपन्न होगा।
इस पाँच दिवसीय विराट धार्मिक आयोजन की सफलता सुनिश्चित करने हेतु आयोजन समिति, मंदिर की समस्त धार्मिक इकाई समितियों, नगर की प्रादेशिक, सांस्कृतिक, सामाजिक एवं सेवाभावी संस्थाओं के प्रमुखों तथा नगर परिवार की एक महत्वपूर्ण बैठक सोमवार संध्या को श्री बैलाडीला देवस्थान में संपन्न हुई। बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि 12 फरवरी को आयोजित कलश यात्रा एवं अन्य धार्मिक आयोजनों में नगर के समस्त सनातन समाज के प्रत्येक परिवार से कम से कम एक सदस्य की सहभागिता सुनिश्चित करने हेतु व्यापक आव्हान किया जाए।
उल्लेखनीय है कि श्री लिंगेश्वर महादेव जी, श्री नंदी महाराज, श्री गणेश जी, माता पार्वती जी, श्री कार्तिकेय जी एवं जगद्गुरु आदि शंकराचार्य जी के ये नवीन एवं भव्य विग्रह राजस्थान के उच्च गुणवत्ता वाले पाषाणों से निर्मित हैं, जो अपनी कलात्मकता एवं दिव्यता से विशेष आकर्षण का केंद्र होंगे।
क्षेत्र की सुख-शांति, समृद्धि एवं आध्यात्मिक चेतना के संरक्षण हेतु आयोजित इस महापर्व को भव्य रूप प्रदान करने के लिए श्री राम जनकल्याण सेवा समिति, बैलाडीला देवस्थान द्वारा समस्त आस्थावान नगर परिवार से सहयोग एवं स्वेच्छानुदान की भावपूर्ण अपील की गई है।
दानराशि SBI बैंक खाता क्रमांक 10727546369, संबंधित UPI माध्यम से अथवा समिति पदाधिकारी श्री प्रकाश चंद्र जैन जी एवं प्रधान पुजारी आचार्य सत्येंद्र प्रसाद शुक्ल जी से संपर्क कर स्वैच्छिक अनुदान राशि नगद जमा कर रसीद प्राप्त कर सकते हैं ।
आयोजन समिति समस्त श्रद्धालु से अनुरोध करती है कि इस इस पांच दिवसीय धार्मिक, अध्यात्मिक, अनुष्ठान,महायज्ञ में आप सहपरिवार उपस्थिति, सहभागिता प्रदान कर पुण्य के भागीदार बनें ।



0 Comments