जोशी ने की अपील: किरंदुल-विशाखापत्तनम पैसेंजर ट्रेन फिर चले, रायपुर के लिए नई सेवा शुरू हो
किरंदुल के निवासी प्रवेश कुमार जोशी ने किरंदुल नगर पालिका अध्यक्ष, विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों और स्थानीय प्रतिनिधियों को सोशल मीडिया पर एक पत्र लिखकर यात्री ट्रेन सेवाओं के सुचारू संचालन और विस्तार की मांग की है। उन्होंने अनियमित ट्रेन सेवाओं से हो रही परेशानियों को रेखांकित करते हुए सामूहिक कार्रवाई का आह्वान किया है।जोशी के अनुसार, किरंदुल-विशाखापत्तनम पैसेंजर ट्रेन कई महीनों से ठीक से नहीं चल रही। कभी यह किरंदुल पहुंचती है, तो अक्सर दंतेवाड़ा में ही रुक जाती है, जिससे यात्रियों को महंगे वैकल्पिक परिवहन का सहारा लेना पड़ता है। सब्जी-फल विक्रेताओं, छोटे दुकानदारों और रिटेलर्स पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है, जिसका असर स्थानीय बाजार पर दिख रहा है। कपड़े, किराना, जूते, गहने, फल-सब्जियां जैसी आवश्यक वस्तुओं के दाम बढ़ गए हैं, और पूरा बोझ आम निवासियों पर आ रहा है।पत्र में ट्रेन के सांस्कृतिक महत्व का भी जिक्र है। जोशी कहते हैं कि यह ट्रेन वर्षों से किरंदुल-बचेली की पहचान रही है, जो सुंदर घाटियों, सुरंगों और सस्ते सफर से व्यापार को बढ़ावा देती थी। रेलवे विभाग क्षेत्र से लौह अयस्क के परिवहन से करोड़ों कमाता है, फिर भी पैसेंजर सेवाओं की अनदेखी से निवासियों के साथ अन्याय हो रहा है।
जोशी ने जगदलपुर बाजार से कनेक्टिविटी बढ़ाने और 'लोकल फॉर वोकल' को मजबूती देने पर जोर दिया। किरंदुल से रायपुर के लिए नई पैसेंजर ट्रेन शुरू होने से व्यापार, रोजगार और आय के नए स्रोत खुलेंगे। उन्होंने सभी चुने हुए प्रतिनिधियों और संगठनों से अपने लेटरहेड पर पत्र लिखकर स्थानीय रेलवे अधिकारियों से दो मांगें करने का अनुरोध किया है। किरंदुल-विशाखापत्तनम पैसेंजर ट्रेन का सुचारू संचालन।किरंदुल-रायपुर नई पैसेंजर ट्रेन सेवा।
निवासियों का मानना है कि इस सामूहिक प्रयास से उनकी मुश्किलें कम होंगी और सस्ती यात्रा सुविधाएं बहाल होंगी।



0 Comments