*थाना परिसर स्थित शिव मंदिर में डोमशेड निर्माण का विधिवत शिलान्यास, श्रद्धालुओं को मिलेगी बड़ी सुविधा*
किरंदुल | 03 फरवरी 2026 | मंगलवार
नगर पालिका किरंदुल की अध्यक्ष रूबी शैलेन्द्र सिंह के द्वारा आज मंगलवार को थाना परिसर स्थित शिव मंदिर, वार्ड क्रमांक 10 में डोमशेड निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया गया। शिलान्यास कार्यक्रम धार्मिक परंपराओं एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्रद्धा एवं उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर अनुविभागीय दंडाधिकारी (SDM) कपिल चंद्रा, किरंदुल थाना प्रभारी, मुख्य नगर पालिका अधिकारी शशि भूषण महापात्र, नगर पालिका उपाध्यक्ष बबलू सिद्दकी, पार्षदगण, वार्डवासी, मंदिर समिति के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने इस निर्माण कार्य को मंदिर परिसर के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।
डोमशेड निर्माण पूर्ण होने के पश्चात शिव मंदिर में प्रतिदिन पूजा-अर्चना करने आने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी। साथ ही महाशिवरात्रि, सावन माह, विशेष रुद्राभिषेक एवं अन्य धार्मिक आयोजनों के दौरान श्रद्धालुओं को धूप, वर्षा एवं प्रतिकूल मौसम से राहत मिलेगी। मंदिर परिसर में धार्मिक आयोजनों का संचालन भी अधिक व्यवस्थित रूप से किया जा सकेगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष रूबी शैलेन्द्र सिंह ने कहा कि नगर पालिका किरंदुल नगर के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। नगर विकास के साथ-साथ धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक स्थलों का विकास भी नगर पालिका की प्राथमिकताओं में शामिल है।
वहीं नगर पालिका उपाध्यक्ष बबलू सिद्दकी ने अपने संबोधन में कहा कि “शिव मंदिर नगर की धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र है। डोमशेड निर्माण से श्रद्धालुओं को स्थायी सुविधा मिलेगी। नगर पालिका द्वारा सभी वार्डों में जनभावनाओं के अनुरूप विकास कार्य किए जा रहे हैं और आगे भी यह कार्य निरंतर जारी रहेंगे।”
स्थानीय नागरिकों एवं मंदिर समिति के सदस्यों ने नगर पालिका अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस निर्माण कार्य से वर्षों पुरानी मांग पूरी हुई है। कार्यक्रम के अंत में प्रसाद वितरण के साथ शिलान्यास समारोह का समापन किया गया।


0 Comments