*किरंदुल में रक्तदान पंजीयन अभियान सफल, 170 नागरिक बने ‘रक्तमित्र’*

 *किरंदुल में रक्तदान पंजीयन अभियान सफल, 170 नागरिक बने ‘रक्तमित्र’*


किरंदुल, दंतेवाड़ा।  

स्पोर्ट्स क्लब किरंदुल द्वारा आयोजित स्वेच्छा रक्तदाता पंजीयन कार्यक्रम नगरवासियों के सहयोग और उत्साह से अत्यंत सफल रहा। विशेषकर युवाओं ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। इस अभियान में कुल 170 नागरिकों ने रक्तदाता के रूप में पंजीकरण कराया, जिनमें विभिन्न रक्त समूहों के लोग शामिल रहे :A+ के 33, A- के 1, B+ के 45, B- के 2, AB+ के 15, AB- के 1, O+ के 57 तथा O- के 3।  


नगरवासियों ने इस पुण्य कार्य की प्रशंसा करते हुए इसे मानवता की सेवा बताया। कार्यक्रम में नगर के प्रतिष्ठित संगठन, व्यापारी संघ, श्रमिक संघ, पत्रकार संघ तथा गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही। मातृ सक्तियों का पंजीयन व रुझान सराहनीय था।


एनएमडीसी अस्पताल के सीएमओ डॉक्टर सलील श्रीवास्तव ने अपने उद्बोधन में कहा कि रक्तदान से शरीर एक प्रकार से फ़िल्टर हो जाता है और यह वैज्ञानिक दृष्टि से भी लाभकारी है। उन्होंने बताया कि कोविड के बाद अस्पतालों में रक्तदान की व्यवस्थाएँ अत्यधिक सुधरी हैं। नई तकनीक और मशीनों के कारण आज एक यूनिट रक्त से तीन व्यक्तियों को लाभ पहुँचाना संभव है। प्लेटलेट्स अलग कर ज़रूरतमंदों को उपलब्ध कराना भी अब आसान हो गया है। उन्होंने गर्वपूर्वक कहा कि किरंदुल में डेंगू के मामलों के बावजूद प्लेटलेट्स की कमी से अब तक किसी की मृत्यु नहीं हुई है। 1500 से 2000 प्लेटलेट्स डोनेट किये जा चुके है।


इंटक सचिव ए.के. सिंह ने रक्तदान को जीवनदान-‘महादान’ बताते हुए इसे सराहनीय पहल कहा। जरूरतमंदों तक रक्त पहचाना भी बहुत आवश्यक कार्य है।

गायत्री परिवार के पदाधिकारी डी.पी. डेहरिया ने उदाहरण देते हुए कहा कि जैसे खाली बोतल में पानी पुनः भर जाता है, वैसे ही रक्तदान के बाद शरीर में रक्त पुनः बन जाता है, अतः घबराने की आवश्यकता नहीं है।  

लैब टेक्नीशियन योगेश साहू और गौतम कश्यप ने बताया कि रक्तदाता बनने से परिवारों को संकट की घड़ी में सहारा मिलता है और हर तीन महीने में प्लेटलेट्स दान भी किया जा सकता है।  

खिलाड़ी प्रदीप ने आग्रह किया कि ऐसे कार्यक्रम नगर के विभिन्न स्थलों पर और अधिक आयोजित किए जाएँ।  


स्पोर्ट्स क्लब किरंदुल ने नगरवासियों, पंजीयनकर्ताओं, चेम्बर ऑफ कॉमर्स, व्यापारी संघ, कॉन्ट्रेक्टर एसोसिएशन, श्रमिक संघ, मंदिर समितियों तथा पत्रकार संघों का हृदय से आभार व्यक्त किया। विशेष सहियोग के लिए ओम सोनी जी और कुंदन सोनी जी का आभार व्यक्त किया। क्लब ने संकल्प लिया कि आगामी कार्यक्रम बचेली, दंतेवाड़ा और ग्रामीण क्षेत्रों में भी आयोजित कर जागरूकता फैलायी जाएगी।  


क्लब द्वारा रक्तदाताओं का मोमेंटो व सर्टिफिकेट दे कर संमानित भी किया गया।


यह अभियान नगरवासियों की एकजुटता और सेवा भावना का प्रतीक बनकर रक्तदान को जन-जन तक पहुँचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ। दिनेश साहू जी के मंच संचालन में कार्यक्रम सफल रहा।

Post a Comment

0 Comments