NMDC L1-L2 भर्ती परीक्षा जल्द कराने की मांग, युवाओं ने अधिकारियों को सौंपा आवेदन।
बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम व जनपद पंचायत उपाध्यक्ष रमेश गावड़े सहित बड़ी संख्या में युवक-युवतियां रहे मौजूद।
बचेली। NMDC L1 एवं L2 भर्ती परीक्षा के शीघ्र आयोजन तथा स्थानीय युवाओं के हितों के संरक्षण को लेकर बचेली में युवाओं की बैठक आयोजित की गई। यह बैठक NMDC गेस्ट हाउस में सम्पन्न हुई, जिसमें बड़ी संख्या में युवक-युवतियों ने भाग लिया और भर्ती प्रक्रिया में हो रही देरी पर चिंता व्यक्त की।
बैठक के दौरान युवाओं ने NMDC अधिकारियों को एक आवेदन सौंपते हुए परीक्षा की तिथि जल्द घोषित कर भर्ती प्रक्रिया पूरी कराने की मांग की। युवाओं का कहना था कि लंबे समय से भर्ती प्रक्रिया रुकी होने के कारण अभ्यर्थियों को मानसिक और आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम तथा जनपद पंचायत उपाध्यक्ष रमेश गावड़े भाजपा युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष अर्णब चक्रवर्ती उपस्थित रहे और युवाओं की मांगों का समर्थन किया। NMDC अधिकारियों ने सभी को भरोसा दिलाया कि इस मामले को मुख्यालय हैदराबाद भेजा जाएगा और जल्द से जल्द परीक्षा आयोजित कराने के लिए आवश्यक प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम ने बताया कि NMDC में हाल ही में L-4 भर्ती प्रक्रिया संपन्न हो चुकी है, जिसमें स्थानीय युवाओं की संख्या काफी अधिक रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि L1 और L2 भर्ती में भी स्थानीय युवक-युवतियों को रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों की तैयारी को ध्यान में रखते हुए जल्द ही कोचिंग की व्यवस्था भी शुरू की जाएगी।
बैठक में उपस्थित युवाओं ने उम्मीद जताई कि NMDC प्रबंधन जल्द सकारात्मक निर्णय लेकर भर्ती परीक्षा आयोजित करेगा, जिससे क्षेत्र के बेरोजगार युवाओं को रोजगार का अवसर मिल सके।
ज्ञापन में प्रमुख मांगे
1. परीक्षा का तत्काल आयोजन: भर्ती में हो रहे अत्यधिक विलंब को देखते हुए परीक्षा की तिथि जल्द से जल्द घोषित की जाए और परीक्षा आयोजित कराई जाए।
2. स्थानीय प्रश्नों को प्राथमिकता: दंतेवाड़ा जिले के स्थानीय युवाओं के ज्ञान को उचित अवसर देने हेतु परीक्षा में स्थानीय (Local) परिवेश, संस्कृति और भूगोल से संबंधित प्रश्नों को प्राथमिकता दी जाए।
3. पुराने नियमों का पालन: यह भर्ती प्रक्रिया जिस विज्ञापन और शर्तों के साथ शुरू हुई थी, उसे उन्हीं पुराने नियमों के आधार पर ही पूर्ण किया जाए। नियमों में किसी भी प्रकार का नया बदलाव स्वीकार नहीं होगा।

0 Comments