# *बंगाली कैंप वार्ड क्रमांक 04 में 12 नवीन सार्वजनिक नल कनेक्शनों का हुआ उद्घाटन*
18 मई 2026 को बंगाली कैंप वार्ड क्रमांक 04 में देबू घर से आंगनबाड़ी तक एवं धीरेन्द्र घोष के घर से सी. एस. सी.सेंटर तक कुल 12 नवीन सार्वजनिक नल कनेक्शनों का उद्घाटन नगर पालिका अध्यक्ष रूबी शैलेन्द्र सिंह द्वारा किया गया। यह कार्य पीडब्ल्यूडी विभाग की सहायता से पूर्ण कराया गया।
ज्ञात हो कि पूर्व में आई भीषण बाढ़ के कारण उक्त क्षेत्र में लगे पुराने नल कनेक्शन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए थे, जिससे वार्डवासियों को लंबे समय से पेयजल समस्या का सामना करना पड़ रहा था। नागरिकों की परेशानी को देखते हुए नगर पालिका परिषद द्वारा बोर के माध्यम से नवीन सार्वजनिक नल कनेक्शन स्थापित किए गए, जिससे अब क्षेत्र के लोगों को नियमित पेयजल सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष रूबी शैलेन्द्र सिंह ने कहा कि नगर के प्रत्येक वार्ड में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना परिषद की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि पेयजल जैसी आवश्यक सुविधा के लिए परिषद लगातार कार्य कर रही है तथा आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाएगा।
वार्ड पार्षद अमृत टंडन ने कहा कि वार्डवासियों की लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या को दूर करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। उन्होंने नगर पालिका अध्यक्ष एवं परिषद के साथ पीडब्ल्यूडी विभाग का भी आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस कार्य से वार्ड के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
इस दौरान उपाध्यक्ष बबलू सिद्दकी, पार्षद के. सजी, देवकी ठाकुर, राजकुमार सोनी, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष शैलेन्द्र सिंह, समर नन्दी, अंकल राम नेताम(पंप ऑपरेटर)एवं वार्डवासी उपस्थित रहे।

0 Comments