सुशासन तिहार 2026 के तहत जनसमस्या निवारण शिविर सम्पन्न, 68 आवेदन प्राप्त समाज कल्याण विभाग के सहयोग से जरूरतमंदों को व्हील चेयर, बैसाखी एवं श्रवण यंत्र वितरित
किरंदुल। 20 मई 2026 दिन बुधवार को सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 07, 08 एवं 10 के नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण हेतु वार्ड क्रमांक 07 स्थित पुराना भट्टीपारा आंगनबाड़ी केंद्र में जनसमस्या निवारण शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित हुए और अपनी विभिन्न समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिविर में वार्ड क्रमांक 07 से 28 आवेदन, वार्ड क्रमांक 08 से 21 आवेदन तथा वार्ड क्रमांक 10 से 19 आवेदन प्राप्त हुए। इस प्रकार कुल 68 आवेदन दर्ज किए गए। प्राप्त आवेदनों में मुख्य रूप से भूमि पट्टा, पेयजल व्यवस्था, सड़क निर्माण, नाली निर्माण, सफाई व्यवस्था सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं शामिल रहीं।
शिविर के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष रूबी शैलेन्द्र सिंह ने त्वरित संवेदनशीलता का परिचय देते हुए जरूरतमंद नागरिकों को सहायता सामग्री भी वितरित की। समाज कल्याण विभाग के सहयोग से 2 दिव्यांगजनों को व्हील चेयर, 1 व्यक्ति को बैसाखी तथा 1 जरूरतमंद को श्रवण यंत्र प्रदान किया गया। सहायता सामग्री मिलने पर हितग्राहियों एवं उनके परिजनों ने नगर पालिका प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया।
नगर पालिका अध्यक्ष रूबी शैलेन्द्र सिंह ने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित एवं पारदर्शी निराकरण सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड में नागरिकों की मूलभूत सुविधाओं एवं आवश्यकताओं को प्राथमिकता के साथ पूरा करने का लगातार प्रयास किया जा रहा है।
शिविर में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया। नगरवासियों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए इसे आमजन की समस्याओं के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। इस दौरान उपाध्यक्ष बबलू सिद्दकी, सीएमओ शशि भूषण महापात्र, पार्षद लक्ष्मी ठाकुर, बी रूपा रानी, राजकुमार सोनी पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष शैलेन्द्र सिंह, नगर पालिका अधिकारी, कर्मचारी एवं चिकित्सा विभाग से तथा बिजली विभाग के सदस्य और आम नागरिक उपस्थित रहे




0 Comments